Eksandeshlive Desk
रांची: पंजाब नेशनल बैंक ने झारखंड सरकार के साथ हुए सैलरी एमओयू के अंतर्गत रांची नगर निगम में कार्यरत स्व. रंजीत टोप्पो की पत्नी श्रीमती नमिता टोप्पो को दस लाख रुपये का बीमा चेक सौंपा। यह राशि बैंक की वेतन बचत योजना के अंतर्गत उपलब्ध ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर के तहत प्रदान की गई। स्व. रंजीत टोप्पो का वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक में होने के कारण उनके परिवार को यह आर्थिक संबल बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम के प्राप्त हुआ। यह बीमा चेक रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त (DMC) रवींद्र कुमार एवं कार्यालय अधीक्षक श्री मनोज राय द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक की ओर से सीएसी प्रमुख (CAC Head), रांची सत्येंद्र कुमार, सीएसी मुख्य प्रबंधक अनुकूल सिंह, शाखा प्रमुख जसवंत लाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। पंजाब नेशनल बैंक, रांची के मंडल प्रमुख राकेश कुमार ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को केवल बैंकिंग सेवाएँ ही नहीं, बल्कि कठिन समय में वित्तीय सुरक्षा और सहयोग प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वेतन बचत योजना के मुख्य आकर्षण: समान सुविधाएं: यह सुविधा स्थायी (Permanent) और संविदा (Contractual) दोनों प्रकार के कर्मचारियों को एक समान रूप से प्रदान की गई है। बीमा सुरक्षा: 10 लाख रुपये तक का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस तथा ₹2.00 करोड़ तक का कुल दुर्घटना बीमा (Total Accidental Insurance) कवर। निःशुल्क सेवाएं: निर्धारित बैंकिंग एवं बीमा सुविधाओं के लिए कर्मचारियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता। पंजाब नेशनल बैंक ने सभी सरकारी कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए अपना वेतन खाता सक्रिय रखें और बीमा दावों में किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) का विवरण अद्यतन रखें।
