रांची विावि के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग व दीक्षांत मंडप के जर्जर भवनों की मरम्मत की मांग

360°


रांची: अबुआ अधिकार मंच ने रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग व मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप के जर्जर भवनों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से अविलंब मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराने की मांग की है। मंच के इंचार्ज यूथ व स्टूडेंट वेलफेयर अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के कुलसाचिव डॉ आर.के शर्मा से मुलाकात करने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग का भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में है। इस विभाग में लगभग 600 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षक एवं कर्मचारी भी नियमित रूप से यहां अपने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करते हैं। भवन की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के मोरहाबादी परिसर स्थित दीक्षांत मंडप का भवन भी जर्जर स्थिति में है। दीक्षांत मंडप के दोनों ओर स्थित कमरों व वॉशरूम की स्थिति भी दयनीय है। विश्वविद्यालय के दीक्षांत मंडप में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग शामिल होते हैं। ऐसे में भवनों की खराब स्थिति लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती है।

Spread the love