अशोक अनन्त
हंंटरगंंज (चतरा): नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्गा पूजा समिति, घंघरी के पूजा पंडाल में मां भगवती के नौ स्वरूपों (नव कन्या) का पूजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी उपस्थित हुईं। उन्होंने पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। पूजन के उपरांत पंडाल में उपस्थित सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
श्रीमद्भागवत कथा की पूर्णाहूति, अब 3 दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम
बता दें कि घंघरी दुर्गा पूजा पंडाल में नवरात्रि के प्रथम दिन से ही धार्मिक माहौल बना हुआ है। यहाँ लगातार 7 दिनों तक चले संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया गया था, जिसकी सफलता के बाद अब तीन दिवसीय भव्य रासलीला सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस पूरे धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ को सुचारू रूप से संपन्न कराने में दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रामानुज चौबे एवं उनकी धर्मपत्नी पूरी तत्परता और भक्तिभाव से जुटे रहे। इसके साथ ही, आयोजन को भव्य रूप देने के लिए कमेटी के सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य सभी सदस्यों ने मुख्य रूप से सम्मिलित होकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्यभार संभाला। पंडाल में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
