राज्य की बेटियों ने नेहरू कप जीतकर राज्य को दिया गौरव का तोहफा

Ek Sandesh Live Sports

झारखंड ने जीता नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट का खिताब, फाइनल में सोनीपत को 2–1 से दी शिकस्त

Eksandeshlive Desk

राँची: झारखंड की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा की टीम ने 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) का खिताब अपने नाम कर लिया।

नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में 19 अक्टूबर को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में झारखंड ने डायरेक्टोरेट जनरल एनसीसी, सोनीपत को 2–1 गोल से हराकर नेहरू कप पर कब्जा जमाया। नवरात्र के अंतिम दिन मिली इस ऐतिहासिक जीत ने राज्यवासियों के उत्साह और उल्लास को दोगुना कर दिया। विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप 1 लाख 60 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। फाइनल मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं। दूसरे क्वार्टर में झारखंड की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मैच के 21वें मिनट में राजमुनी कुमारी के शानदार फील्ड गोल की बदौलत 1–0 की बढ़त हासिल की।

तीसरे क्वार्टर में सोनीपत की आरती कुमारी ने 38वें मिनट में गोल कर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया। झारखंड की बेटियों ने दबाव में भी संयम बनाए रखा और बेहतर आपसी तालमेल के साथ आक्रामक खेल जारी रखा। चौथे क्वार्टर में मैच के 53वें मिनट में आरती कुमारी ने शानदार फील्ड गोल दागकर झारखंड को 2–1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। निर्धारित समय तक सोनीपत की टीम बराबरी नहीं कर सकी और झारखंड ने शानदार जीत के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।
निपुणता कुल्लू को फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में एलिकॉन ग्रुप के सीईओ सुनीत भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि 2026 एशियन गेम्स की हॉकी स्वर्ण पदक विजेता ज्योति रामावत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
मौके पर उपस्थित राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग इस ऐतिहासिक जीत के साक्षी बने। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे मुकाबले में जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतरीन समन्वय का परिचय दिया। स्कोर बराबर होने के बावजूद खिलाड़ियों ने धैर्य और हौसला बनाए रखा। बेहतरीन रणनीति और आक्रामक खेल के दम पर टीम ने जीत हासिल की। यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। टीम भावना और सामूहिक संकल्प ने इस जीत को ऐतिहासिक बनाया।
इस ऐतिहासिक जीत पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने झारखंड की विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love