चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से झारखंड में छाए बादल, 30 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का अलर्ट

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर झारखंड के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि 30 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच, सोमवार को रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे।

22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा तूफान: मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। सोमवार को यह विशाखापत्तनम के दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा के पूर्व-दक्षिणपूर्व, गोपालपुर के दक्षिण, मछलीपट्टनम और बापटला के पूर्व तथा अंडमान द्वीपसमूह के श्रीविजयपुरम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में स्थित था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और इसके बाद उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने की संभावना है। यह 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को बापटला तथा विशाखापत्तनम के बीच, यानम के निकट पार कर सकता है। तट से टकराते समय तूफान के साथ 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

रांची में छाए रहे बादल, डाल्टनगंज सबसे गर्म: इधर, सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल दिखाई दिए। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 33.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 33.2 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.2 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए अगले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम के प्रभावित रहने की संभावना है।

Spread the love