डीएसपीएमयू की करियर काउंसलिंग में तकनीकी खामी, छात्र परेशान

Education Ek Sandesh Live

आजसू छात्र संघ ने वैकल्पिक हेल्पलाइन नंबर की मांग की

Eksandeshlive Desk

रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में 27 अक्टूबर को निर्धारित करियर काउंसलिंग तकनीकी खामी के कारण नहीं हो सकी। इससे कई छात्र-छात्राएं कुलपति से संपर्क कर करियर संबंधी मार्गदर्शन पाने से वंचित रह गए।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर द्वारा प्रत्येक मंगलवार दोपहर 2 से 3 बजे तक टेलीफोनिक करियर काउंसलिंग की व्यवस्था की गई थी। इसके तहत छात्रों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर के विकल्पों पर मार्गदर्शन मिलना था। लेकिन निर्धारित समय पर विश्वविद्यालय द्वारा जारी नंबर इनवैलिड बताया गया और संपर्क नहीं हो सका।

छात्रों ने इसकी जानकारी आजसू छात्र संघ के विश्वविद्यालय प्रभारी एवं छात्र नेता रवि को दी। रवि ने इसे छात्र हित से जुड़ी व्यवस्था में लापरवाही बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने टेलीफोन खराब होने के कारण काउंसलिंग नहीं होने की जानकारी दी। आजसू छात्र संघ ने मांग की है कि तकनीकी समस्या जल्द दूर की जाए, वैकल्पिक मोबाइल या हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए और काउंसलिंग से वंचित छात्रों के लिए दोबारा व्यवस्था की जाए।

Spread the love