Eksandeshlive Desk
दुबई: जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में शतक जड़ने वाली पूर्व भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को आईसीसी की ताजा महिला एकदिवसीय रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। वहीं, भारतीय कप्तान और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान गंवा दिया है। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट फिर से दुनिया की नंबर वन एकदिवसीय बल्लेबाज बन गई हैं। हरमनप्रीत दो स्थान की छलांग लगाकर एकदिवसीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गई हैं।
प्रतिका रावल को सात स्थान का फायदा: वहीं, दीप्ति शर्मा ने चार स्थान का सुधार करते हुए 23वां स्थान हासिल किया है। एकदिवसीय ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी दीप्ति को फायदा हुआ है। वह दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में भी उन्होंने एक स्थान का सुधार करते हुए आठवां स्थान हासिल किया है। भारतीय खिलाड़ियों में क्रांति गौड़ ने भी दो स्थान की छलांग लगाई है और वह एकदिवसीय गेंदबाजों की रैंकिंग में 25वें स्थान पर पहुंच गई हैं। युवा बल्लेबाज प्रतिका रावल को सात स्थान का फायदा हुआ है। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 21वें स्थान पर पहुंचकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर काबिज हो गई हैं।
मंधाना से आगे निकलीं लौरा वोल्वार्ड्ट: एकदिवसीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल के दो मुकाबलों में स्मृति मंधाना ने 32 रन और शून्य का स्कोर बनाया था। इसके कारण उन्हें रैंकिंग अंक गंवाने पड़े और वह शीर्ष स्थान से नीचे खिसक गईं। जिम्बाब्वे की तीन बल्लेबाजों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। मोडेस्टर मुपाचिकवा पांच स्थान ऊपर चढ़कर 39वें, चिपो मुगेरी-तिरिपानो चार स्थान के सुधार के साथ 47वें और बिलव्ड बीजा 16 स्थान की छलांग लगाकर 56वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
टी-20 रैंकिंग में शेफाली और मंधाना को फायदा: टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने सुधार किया है। शेफाली वर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि स्मृति मंधाना एक स्थान के फायदे के साथ चौथे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच हाल में खेली गई टी-20 सीरीज के बाद दोनों टीमों की खिलाड़ियों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर बल्लेबाजों की रैंकिंग में नौ स्थान ऊपर चढ़कर 19वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उनकी साथी जॉर्जिया वेयरहैम गेंदबाजों की रैंकिंग में चार स्थान के सुधार के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर हैं। किम गर्थ पांच स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त 10वें स्थान पर पहुंच गई हैं। न्यूजीलैंड की ब्री इलिंग ने गेंदबाजों की रैंकिंग में छह स्थान का सुधार करते हुए 17वां स्थान हासिल किया है, जबकि नैंसी पटेल 29वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
