Eksandeshlive Desk
पलामू: चक्रवात तूफान ‘अर्नब’ को लेकर पलामू में एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रिस्पोंस फोर्स) की तैनाती की गयी है। 30 सदस्यीय टीम अगले 48 घंटे तक पलामू, गढ़वा, लातेहार के साथ-साथ चतरा जिले में आपदा पर नजर रखेगी। उल्लेखनीय है कि करीब तीन दशक बाद चक्रवात को लेकर एनडीआरएफ की टीम तैनात की गयी है। पलामू के अलावा देवघर, रांची और जमशेदपुर के इलाके में भी टीम को तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण मौसम विज्ञान केन्द्र रांची ने पलामू प्रमंडल में भारी बारिश, तेज हवा के अलावा वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुरूवार सुबह से रूक रूक कर बारिश हो रही है। हालांकि तेज बारिश और तेज हवा के अलावा वज्रपात की स्थिति अबतक देखने को नहीं मिली। पलामू में सूचना जनसंपर्क विभाग में मामले में अपील जारी की है। डीपीआरओ डॉ असीम कुमार ने बताया कि एनडीआरएफ टीम आपदा से निबटने को तैयार है और लोगों से सावधान रहने को कहा गया है। पलामू में तैनात एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर दिनेश अवस्थी ने गुरूवार को बताया कि अर्नब चक्रवात को लेकर 30 अक्टूबर तक टीम की तैनाती की गई है। टीम के पहले से मौजूद रहने का एक फायदा है कि किसी भी प्रकार की आपदा होने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सकती है। उनकी टीम आपदा के दौरान पलामू, गढ़वा और लातेहार के साथ-साथ चतरा जिलों में मूव करेगी एवं लोगों को मदद करेगी।
इंस्पेक्टर अवस्थी ने बताया कि चक्रवात के दौरान होने वाले नुकसान और इससे जुड़ी हुई परेशानी को देखते हुए सभी तरह के उपकरण को लेकर टीम साथ चल रही है। सूचना मिलने के बाद मौके पर टीम पहुंचेगी और तुरंत लोगों को राहत देने का प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम फ्लड वॉटर रेस्क्यू, चक्रवात के दौरान भवन गिरने या कोई रोड ब्लॉक होने की स्थिति में उसे खोलेगी। जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी जयराम सिंह यादव ने बताया कि अर्नब को लेकर राज्य सरकार ने एनडीआरएफ को तैनात किया है। आपदा के दौरान जिला प्रशासन तुरंत मदद पंहुचाने को 24 घंटे तैयार है।
