बड़कागांव/हजारीबाग। प्रखंड के सिकरी गांव में बुधवार रात करीब आठ बजे मौसम संबंधी आंकड़े जुटाने वाला रेडियोसोंडे उपकरण मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सहदेव राम के घर के पास उपकरण मिलने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उपकरण के साथ एक फटा हुआ पैराशूट भी बरामद हुआ। अचानक मिले इस वैज्ञानिक उपकरण को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा होने लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फोन के माध्यम से सिकरी ओपी प्रभारी रामकुमार राम को दी। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे व रेडियोसोंडे उपकरण, फटा पैराशूट समेत वहां मिले सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया। घटनास्थल पर पुलिस अवर निरीक्षक निरंजन प्रकाश भी मौजूद थे। इस दौरान वार्ड सदस्य पृथ्वीराज गुप्ता के अलावा ग्रामीण अरुण कुमार राम, अनुज कुमार, मिथुन कुमार गुप्ता, सुजीत कुमार गुप्ता, सागर कुमार, सिद्धेश्वर राम व अवध कुमार महतो भी उपस्थित थे। उपकरण पर लगे लेबल के अनुसार, यह वेदरली कंपनी का रेडियोसोंडे है, जिसका मॉडल डब्ल्यूएचआर-301डी है। इस पर कोरिया में निर्मित होने का उल्लेख है, जबकि जनवरी 2026 की तारीख भी अंकित है। रेडियोसोंडे एक वैज्ञानिक उपकरण है, जिसका इस्तेमाल वायुमंडल के तापमान, नमी व हवा की गति एवं दिशा से संबंधित आंकड़े जुटाने के लिए किया जाता है। इसे आमतौर पर मौसम संबंधी गुब्बारे के साथ आसमान में छोड़ा जाता है। ऊंचाई पर पहुंचने के बाद गुब्बारा फटने पर उपकरण पैराशूट की सहायता से जमीन पर उतर सकता है। सिकरी गांव में इस उपकरण के मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, यह उपकरण कहां से छोड़ा गया था, किस स्थान से उड़कर यहां पहुंचा व इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल उपकरण व उससे संबंधित सामान पुलिस के कब्जे में है।
