कांग्रेस व उसके सहयोगी भ्रम फैलाकर अराजकता का वतावरण बना रहे हैं: बाबूलाल मरांडी

360° Ek Sandesh Live

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत भाजपा ने की प्रेस वार्ता

हजारीबाग। भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत परिसदन भवन में गुरूवार को प्रेस वार्ता की गई। जिसमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद व जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह उपस्थित रहे। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने के बाद से कांग्रेस पार्टी व उसके नेता लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम व अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले ईवीएम को लेकर आरोप लगाती रही, फिर फर्जी मतदाता सूची का मुद्दा उठाया व अब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। मरांडी ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का उद्देश्य मृत, स्थानांतरित, दोहरे व अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर सूची को शुद्ध व पारदर्शी बनाना है। इस प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारी के साथ-साथ सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम छूट गया है, तो संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नियमानुसार लिखित दावा व आपत्ति प्रस्तुत करनी चाहिए। केवल प्रेस वार्ता व सार्वजनिक बयानबाजी के माध्यम से जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता का विश्वास हासिल करने के बजाय आंदोलन व भ्रामक प्रचार के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली किसी भी राजनीतिक पार्टी को जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना चाहिए व जनादेश प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं व आम जनता से लोकतंत्र, संविधान, शांति व विकास विरोधी ताकतों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति व अराजकता फैलाने के प्रयासों को उजागर करेंगे। बाबूलाल ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत हजारीबाग में 4 नवंबर को पदयात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व आम जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। सांसद मनीष जायसवाल ने भी प्रेस को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव,वरिष्ठ भाजपा नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुनील शिव प्रसाद मेहता,शिवलाल महतो,शैफाली गुप्ता,जयनारायण प्रसाद कुशवाहा,कुणाल किशोर दुबे,सुमित कुमार लाहेरी, विवेक सिंह,उमेश दांगी,विशाल वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।

Spread the love