मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता का निधन

Entertainment

Eksandeshlive Desk

मुंबई: बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता का निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर शेयर की। उन्होंने बताया कि संजय गुप्ता को घर पर सिर में चोट लगी थी, जिसके बाद उनका निधन हो गया। इस खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है। अशोक पंडित ने उन्हें अपना पुराना दोस्त और बेहतरीन निर्देशक बताते हुए उनके जाने पर दुख जताया। अशोक पंडित ने संजय गुप्ता के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री ने एक प्रतिभाशाली निर्देशक खो दिया है। संजय गुप्ता अपने एक्शन और क्राइम आधारित फिल्मों के लिए खास पहचान रखते थे। उन्होंने 1994 में फिल्म ‘आतिश : फील द फायर’ से निर्देशन की शुरुआत की थी। इसके बाद ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बनाई। संजय गुप्ता ने ऋतिक रोशन अभिनीत फिल्म ‘काबिल’ और जॉन अब्राहम की ‘मुंबई सागा’ का भी निर्देशन किया था। साल 2002 में रिलीज हुई ‘कांटे’ में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और सुनील शेट्टी जैसे कलाकार नजर आए थे। वहीं, ‘शूटआउट एट वडाला’ को भी दर्शकों के बीच अच्छी पहचान मिली। अपने खास निर्देशन अंदाज और एक्शन फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता का निधन हिंदी फिल्म जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।

दोस्त संजय गुप्ता के निधन से सदमे में संजय दत्त, शेयर किया भावुक संदेश: फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता के अचानक निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ और ‘जिंदा’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए पहचाने जाने वाले संजय गुप्ता के निधन पर संजय दत्त सहित कई फिल्मी सितारों ने भावुक श्रद्धांजलि दी है। संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर अपने पुराने दोस्त को याद करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि संजय गुप्ता उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने कहा कि दोनों ने साथ में कई यादें और दोस्ती के अनगिनत साल बिताए थे। संजय गुप्ता उनके लिए परिवार की तरह थे और उन्हें उनकी बातचीत साथ बिताए पलों की हमेशा याद आएगी। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में दोनों के बीच ‘कांटे 2’ को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने अपने दोस्त को श्रद्धांजलि देते हुए वादा किया कि वह उनके इस सपने को पूरा करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। संजय दत्त के अलावा गायक मीका सिंह ने भी निर्देशक को याद किया। उन्होंने संजय गुप्ता को अपना गॉडफादर बताते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें पहला मौका देने में निर्देशक की अहम भूमिका रही। वहीं, सुनील शेट्टी और सोनू सूद ने उनके साथ बिताए पलों और फिल्मों के सेट से जुड़ी यादें शेयर कीं। अभिनेता अनुपम खेर ने उन्हें ‘सिनेमा का ज्ञानकोश’ बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख जताया। संजय गुप्ता के जाने से हिंदी सिनेमा ने एक ऐसे निर्देशक को खो दिया है, जिनकी फिल्मों का अपना अलग अंदाज और पहचान रही। 57 वर्षीय संजय गुप्ता का मुंबई स्थित आवास पर निधन हो गया है। पुलिस के अनुसार, वह बाथरूम में संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी जान चली गई।

Spread the love