विश्व आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में भारत ने 4 स्वर्ण सहित जीते 20 पदक, तालिका में चौथा स्थान

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: भारत ने 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग और 28वीं विश्व पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 के शुरुआती दो दिन के फाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, दो रजत और 14 कांस्य सहित कुल 20 पदक जीते। दिल्ली के ईस्ट दिल्ली स्थित लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत कुल पदकों के आधार पर रूस, कजाखस्तान और तुर्किये के बाद चौथे स्थान पर है। चैंपियनशिप में 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भारत में पहली बार आयोजित इस विश्व चैंपियनशिप का उद्घाटन गुरुवार को केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन विश्व आर्मरेसलिंग महासंघ के तत्वावधान में पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पाफी) कर रहा है। पाफी की अध्यक्ष प्रीति झंगियानी और प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास इसके आयोजन में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में विश्व आर्मरेसलिंग महासंघ के अध्यक्ष असेन हदजीतोदोरोव, महासचिव मिर्सिया सिमिओनेस्कु-सिमिसेल, एशियाई आर्मरेसलिंग महासंघ के अध्यक्ष जीनबेक मुकाम्बेतोव और आर्मरेसलिंग ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष फिल रासमुसेन भी मौजूद रहे।

पहले दिन मास्टर्स खिलाड़ियों ने दिलाए 12 पदक: 29 अक्टूबर को प्रतियोगिता के पहले दिन भारतीय मास्टर्स खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, एक रजत और सात कांस्य पदक जीते। जिंसीमोल सेबेस्टियन ने ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम वर्ग में बाएं और दाएं, दोनों हाथों से स्वर्ण पदक जीतकर भारत के लिए दोहरी स्वर्णिम सफलता हासिल की। योगेश चौधरी ने मास्टर महिला 80 किलोग्राम से अधिक वर्ग में दाएं हाथ से स्वर्ण और बाएं हाथ से कांस्य पदक जीता। शौकत वीटी ने मास्टर पुरुष 60 किलोग्राम से कम वर्ग में दाएं हाथ से स्वर्ण और बाएं हाथ से कांस्य पदक हासिल किया। ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम से अधिक वर्ग में दाएं हाथ की स्पर्धा में मिनिमोल जोस ने रजत और प्रीथा सी ने कांस्य पदक जीता। प्रिया पय्यान कुन्हिवेट्टिल ने मास्टर महिला 80 किलोग्राम वर्ग में तथा मिनी के ने ग्रैंड मास्टर महिला 70 किलोग्राम वर्ग में दोनों हाथों की स्पर्धाओं में कांस्य पदक अपने नाम किए। 30 अक्टूबर को दूसरे दिन युवा खिलाड़ियों ने बाएं हाथ की स्पर्धाओं में आठ पदक भारत की झोली में डाले। जिम्मिसन मारवेन ने युवा पुरुष 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। आभास राणा ने जूनियर बालक 90 किलोग्राम से अधिक, लैतांसांगा ने युवा पुरुष 55 किलोग्राम से कम, अजय कुमार ने युवा पुरुष 60 किलोग्राम और विष्णुप्रिया पी. ने युवा महिला 80 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। सब-जूनियर वर्ग में आर्यन सिंह ने बालक 45 किलोग्राम से कम, युमनाम चिंगखई सिंह ने बालक 50 किलोग्राम और शेन सलीश ने बालक 70 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीते। प्रो पंजा लीग भारतीय आर्मरेसलिंग खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध करा रही है। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले योगेश चौधरी और आभास राणा अब 28 नवंबर 2026 को पुणे में होने वाले प्रो पंजा लीग पूनावाला गोल्ड संस्करण-दो में भी हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रो पंजा लीग और पूनावाला समूह के सहयोग से किया जाएगा। इसमें भारत और विदेश के शीर्ष आर्मरेसलिंग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

90 फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी: भारत के कुल 128 खिलाड़ियों ने 101 में से 90 फाइनल स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए 154 स्थान हासिल किए। इनमें 17 खिलाड़ी चौथे स्थान पर रहे। नवीन पॉल ने मास्टर पुरुष 110 किलोग्राम वर्ग और मिस्नगेवभा रिंबाई ने ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम वर्ग में दोनों हाथों की स्पर्धाओं में चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने सब-जूनियर से लेकर ग्रैंड मास्टर तक पांच आयु वर्गों में पदक जीते। यह प्रदर्शन देश में आर्मरेसलिंग खेल के बढ़ते आधार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत होती मौजूदगी को दर्शाता है। चैंपियनशिप के तीसरे दिन शनिवार, 31 अक्टूबर को सब-जूनियर, जूनियर और युवा वर्ग के बालक, बालिका, पुरुष और महिला खिलाड़ियों की दाएं हाथ की स्पर्धाओं के फाइनल खेले जाएंगे। इन मुकाबलों का सीधा प्रसारण प्रतियोगिता के आधिकारिक प्रसारण साझेदार स्वेन पर किया जाएगा।

Spread the love