Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में सोमवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रांची, बोकारो और चाईबासा समेत कई अन्य इलाकों में तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे आया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। रांची में रविवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सोमवार को गिरकर 13.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी 27.2 डिग्री से घटकर 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह राजधानी में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आई है।
इसी तरह बोकारो में न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री से गिरकर 15.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। चाईबासा में भी ठंड का असर बढ़ा है। यहां न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री था, जो सोमवार को घटकर 15.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया। इधर, सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि, सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहा और ठंडी हवाओं के कारण कनकनी महसूस की गई। दोपहर में धूप की तल्खी के कारण लोगों को कुछ राहत मिली। सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 30.6 और न्यूनतम 17.3 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.4 और न्यूनतम 17.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 और न्यूनतम 15.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
