रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा झारखंड 13 से 15 नवंबर तक पदयात्रा और 17 से 20 नवंबर तक जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित करेगी। यह जानकारी पूर्व सांसद एवं भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने प्रेस वार्ता में दी।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत उलिहातू (खूंटी) से कोकर (रांची) तक 73 किलोमीटर की तीन दिवसीय पदयात्रा निकाली जाएगी।13 नवंबर को सुबह 10 बजे उलिहातू से पदयात्रा शुरू होगी, जो सायको मोड़, झीलकिता मोड़ होते हुए खूंटी पहुंचेगी। रात्रि विश्राम खूंटी भाजपा कार्यालय में होगा।14 नवंबर को सुबह 10 बजे खूंटी से यात्रा शुरू होकर कालामाटी, तुपुदाना, हटिया चौक, बिरसा चौक होते हुए शाम 6 बजे बिरसा मुंडा संग्रहालय, जेल चौक पहुंचेगी।15 नवंबर को सुबह 9 बजे जेल चौक से अंतिम चरण शुरू होगा और 11 बजे कोकर स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि के साथ समापन होगा।वहीं 17 से 20 नवंबर तक प्रमंडलवार सम्मेलन होंगे। 17 को गुमला के सिसई और रायडीह में, 18 को साहिबगंज के भोगनाडीह में बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन तथा चाईबासा में अर्जुन मुंडा, रघुवर दास की उपस्थिति में सम्मेलन होगा। 19 को पलामू के दूबियाखार और रांची के सिलागाई में तथा 20 को विशुनपुर में कार्यक्रम होगा।समीर उरांव ने कहा कि बिरसा मुंडा ने ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा देकर जल-जंगल-जमीन के लिए संघर्ष किया। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो जैसे वीरों का बलिदान गौरवशाली इतिहास है। मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया।प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन और सन्नी टोप्पो मौजूद थे।
