दुबई काम करने गया गोरहर का प्रवासी मजदूर लापता, 7 नवंबर को हुई थी परिवार से आखिरी बात

360° Ek Sandesh Live

हजारीबाग। जिला के गोरहर थाना क्षेत्र के गोरहर गांव निवासी 25 वर्षीय प्रवासी मजदूर मुकेश कुमार के दुबई में लापता होने का मामला सामने आया है। उनके लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। परिजन सरकार व प्रशासन से मुकेश को जल्द खोजने तथा सुरक्षित घर वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार गोरहर निवासी सुकर महतो के पुत्र हैं। वह रोजी-रोटी की तलाश में 28 अक्टूबर 2026 को दुबई गए थे। परिवार वालों के अनुसार, मुकेश से आखिरी बार 7 नवंबर को फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद 9 नवंबर से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। उनके साथ कमरे में रहने वाले लोगों ने बताया कि मुकेश 9 नवंबर को अपने कमरे से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद से उनका संपर्क दुबई में रहने वाले परिचितों व अपने परिवार से भी टूट गया है। मुकेश के अचानक लापता होने से उनके माता-पिता व पत्नी गुड़िया देवी काफी चिंतित हैं। परिवार को उनकी सुरक्षा की चिंता सता रही है। परिजनों ने सरकार तथा संबंधित अधिकारियों से मुकेश की तलाश कराने, उनसे संपर्क स्थापित करने व सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है। मुकेश के परिवार में पत्नी व दो छोटे बच्चे हैं। उनका बड़ा बेटा यश कुमार करीब ढाई साल का है, जबकि छोटा बेटा मुनेश कुमार महज सात महीने का है। पिता के लापता होने से परिवार पर चिंता का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों को उम्मीद है कि सरकार व प्रशासन जल्द पहल करेंगे, ताकि मुकेश का पता चल सके व वह सुरक्षित अपने परिवार के बीच लौट सकें। प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय व भारतीय दूतावास से मुकेश कुमार की तलाश के लिए तत्काल पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में विदेश जाने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। संबंधित अधिकारी इस मामले में जल्द कार्रवाई करें व मुकेश को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास करें।वहीं, पंचायत समिति सदस्य लखन कुमार महतो ने भी मुकेश कुमार के लापता होने पर चिंता जताई है। उन्होंने सरकार, विदेश मंत्रालय तथा भारतीय दूतावास से जल्द हस्तक्षेप कर मुकेश का पता लगाने तथा उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की है। उन्होंने जिला प्रशासन से भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने की अपील की है।

Spread the love