हजारीबाग। बड़कागांव वन क्षेत्र के जोराकाठ जंगल में बुधवार को एक हाथी का शव मिला। जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने हाथी को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों व वन सुरक्षा समिति के सदस्यों को इसकी सूचना दी। हाथी की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मृत हाथी जिस झुंड का हिस्सा था, उसके अन्य हाथी भी आसपास के जंगलों में मौजूद हैं। ऐसे में जंगल से सटे गांवों के लोगों में भय व चिंता का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि झुंड के हाथियों की आवाजाही से जन-धन की क्षति हो सकती है। वन विभाग की टीम हाथी की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई व इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा जांच व आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग आसपास के जंगलों में मौजूद हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर भी नजर रख रहा है।
