Eksandeshlive Desk
लातेहार: जिले के बरवाडीह-छिपादोहर रेलखंड पर शनिवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा उक्कामाड़ के समीप रेलवे पोल संख्या 254/26-28 के पास हुआ। मृतकों की पहचान बिहार के कटिहार जिले के निवासी श्याम कुमार मंडल (26) और रामदेव मंडल (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूर दुर्गा इंटरप्राइजेज के माध्यम से रेलवे में सिग्नल ऑटोमेटिक सिस्टम से संबंधित कार्य कर रहे थे। शनिवार को वे उक्कामाड़ के समीप रेलवे लाइन पर काम में जुटे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस और रेलवे विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बरवाडीह के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वीरेंद्र कुमार राम ने दो मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
