Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड उच्च न्यायालय ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘हिज्ब उत-तहरीर’ से जुड़े एक मामले में बड़ी राहत देते हुए धनबाद के पांच आरोपियों को डिफॉल्ट बेल (वैधानिक जमानत) प्रदान कर दी है। उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने गुलफाम हसन, अयान जावेद, शहजाद आलम, शबनम परवीन और मोहम्मद अम्मार यासर की ओर से दायर कुल 10 आपराधिक अपीलों को स्वीकार करते हुए निचली अदालत के आदेशों को रद्द कर दिया। मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया कि एटीएस की विशेष अदालत ने 17 जुलाई 2025 को जांच की अवधि को 60 दिनों के लिए बढ़ा दिया था। इस आदेश से पहले न तो आरोपियों को कोई नोटिस जारी किया गया और न ही अवधि बढ़ाने के पीछे कोई ठोस कारण बताया गया। मैकेनिकल तरीके से पारित इस आदेश के आधार पर बाद में अगस्त और सितंबर 2025 में आरोपियों की डिफॉल्ट बेल याचिकाएं भी खारिज कर दी गईं।
क्या है पूरा मामला: खंडपीठ ने उच्चतम न्यायालय के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि आरोपियों को नोटिस और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिए बिना जांच की अवधि बढ़ाना पूरी तरह अवैध और मनमाना है। उच्च न्यायालय ने 17 जुलाई 2025 के जांच विस्तार आदेश को निरस्त कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि जांच विस्तार का आदेश रद्द होते ही आरोपियों का डिफॉल्ट बेल का अधिकार स्वतः जीवित हो जाता है, क्योंकि तय समय सीमा के भीतर पुलिस की ओर से चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी। झारखंड एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिज्ब-उत-तहरीर, अल-कायदा (एक्यूआईएस) और आईएसआईएस (आईएसआईएस) जैसे प्रतिबंधित संगठन कुछ मोबाइल नंबरों के जरिए राज्य के युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर देशविरोधी गतिविधियों से जोड़ रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एटीएस ने छापेमारी की थी और 26 अप्रैल 2025 को धनबाद निवासी गुलफाम हसन, अयान जावेद, शहजाद आलम, शबनम परवीन और मोहम्मद अम्मार यासर को गिरफ्तार किया था। इनके पास से देसी पिस्तौल, कारतूस और संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य बरामद होने का दावा किया गया था, जिसके बाद एटीएस थाना कांड संख्या 06/2025 के तहत यूएपीए, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
