आजसू छात्र संघ ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

360° Ek Sandesh Live

BY SUNIL VERMA
रांची : अखिल झारखंड छात्र संघ के तत्वावधान में आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने रांची विश्वविद्यालय की कुलपति से मुलाकात कर स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया अविलंब प्रारंभ करने की मांग को लेकर ज्ञापन मंगलवार को सौंपा। जिसमें कहा गया कि इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम प्रकाशित होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा में नामांकन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आजसू ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए स्नातक पाठ्यक्रमों की नामांकन प्रक्रिया जल्द से जल्द प्रारंभ की जाए, ताकि छात्र-छात्राएं समय पर अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें। साथ ही नामांकन संबंधी सभी आवश्यक दिशा-निर्देश एवं कार्यक्रम भी शीघ्र जारी करने की मांग की गई।
कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और नामांकन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आजसू ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन निरंतर सक्रिय है और विद्यार्थियों के अधिकारों एवं उनकी शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत रहेगा। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा,प्रदेश सचिव रोशन नायक,राजेश सिंह,महानगर अध्यक्ष अमन साहू , सौरभ यादव,अब्दुल खान ,राहुल ,यश सोनी, पंकज अभित कुमार, हिमांशु सिंह, शुरदीप , अमित , निशांत सहित कई लोग मौजूद थे।

Spread the love