रांची। आजसू पार्टी के सहयोगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ के राज्य स्तरीय अधिवेशन की तैयारी में संगठन जुट गया है। अधिवेशन में आजसू पार्टी की सशक्त महिला, समृद्ध महिला और स्वावलंबी महिला की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण तथा उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। महिला अधिवेशन को लेकर महिला पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता में तैयारी की जानकारी दी गई। नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। अलग-अलग समितियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अधिवेशन की व्यवस्था एवं संचालन में अखिल झारखंड छात्र संघ व युवा आजसू के पदाधिकारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बताया गया कि अधिवेशन का शुभारंभ प्रात: 10 बजे होगा। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम सत्र उद्घाटन सत्र होगा, जिसमें विषय प्रवेश के साथ-साथ प्रखंड एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी। प्रेस वार्ता में बताया गया कि साथ ही अखिल झारखंड महिला संघ की प्रदेश स्तरीय समिति के गठन पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।अधिवेशन का दूसरा सत्र खुला (ओपन) सत्र होगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आने वाली लगभग 10,000 महिला प्रतिनिधियां भाग लेंगी। इस अवसर पर महिलाओं के संगठनात्मक विस्तार, नेतृत्व विकास तथा राज्य निर्माण में उनकी भूमिका पर व्यापक चर्चा होगी।
