By Mustaffa
मेसरा (राँची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत केदल रेलवे पुल के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले मुख्य आरोपी मनउवर अंसारी (पिता मकबुल अंसारी,निवासी केदल बस्ती) को पुलिस ने गिरफ्तार कर 2 जुलाई (दिन गुरुवार) को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस इस घटना में शामिल उसके अन्य तीन साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के संबंध में पीड़ित दुकानदार विक्रम कुमार साह (उम्र 27 वर्ष,निवासी पारचुट्टू,मेसरा) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार,बीते दिनों वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पहुंचे,तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर खंगालने पर पता चला कि काउंटर से 3,500 रुपये नगद,करीब 10,000 रुपये मूल्य का एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और लगभग 8,000 रुपये मूल्य के 04 बंडल वायरिंग केबल तार गायब थे। जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई,तो उसमें एक चोर चेहरे को टी-शर्ट से ढककर काउंटर से सामान व नकदी चोरी करता हुआ साफ नजर आया। दुकानदार ने अपने स्तर से स्थानीय स्तर पर फुटेज दिखाकर हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान मनउवर अंसारी के रूप में की। इसके बाद दुकानदार ने सजगता दिखाते हुए आरोपी को बीआईटी मेसरा मोड़ के पास दबोच लिया और मेसरा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया। साथ ही उसने यह भी स्वीकार किया कि 4-5 दिन पहले भी उसने अपने साथियों-आमिर,बाबू (दोनों निवासी कब्रिस्तान मोहल्ला) और मोनू (निवासी बड़गाई) के साथ मिलकर इसी दुकान से तांबे के तार की चोरी की थी। चोरी गए सामानों का ब्यौरा: इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा,कीमत लगभग 10,000 रू०,वायरिंग केबल तार 04 बंडल,कीमत लगभग 8,000 रू०,नगद राशि काउंटर से 3,500 की चोरी। इधर थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने कहा,दुकानदार विक्रम कुमार साह के आवेदन पर कांड संख्या दर्ज कर त्वरित कानूनी कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी मनउवर अंसारी को पुख्ता सबूतों (सीसीटीवी फुटेज) के आधार पर गिरफ्तार कर आज गुरुवार को जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान चोरी की घटनाओं में संलिप्त उसके तीन अन्य सहयोगियों (आमिर,बाबू और मोनू) के नाम सामने आए हैं। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है।
