चंदवा: थाना क्षेत्र की लुकुइया घाटी में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरिया लदे दो ट्रकों की टक्कर में एक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक राउरकेला, ओडिशा से उत्तर प्रदेश के हाथरस जा रहे थे। घाटी में आगे चल रहा 14-चक्का ट्रक संख्या UP75AT3909 को पीछे से आ रहे 16-चक्का ट्रक संख्या RJ11CG1994 ने जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पीछे वाले ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक सड़क के बीचों बीच पलट गया। आगे वाले ट्रक में लदा सरिया ट्रक के केबिन को चीरता हुआ घुस गया। इससे चालक राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव केबिन में फंस गया।सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों उमेश यादव, 28, दीपक तिवारी, 27, और रिंकू यादव, 25, को सीएचसी चंदवा में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों खतरे से बाहर हैं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हाइड्रोलिक कटर से केबिन काटकर शव को बाहर निकाला गया।सूचना पाकर किसान नेता प्रमोद कुमार साहू घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने घायलों का हाल-चाल भी लिया। राहत कार्य में झामुमो नेता नौशाद आलम ने भी सहयोग किया। वह घाटी में होने वाली हर वाहन दुर्घटना में गैस कटर और अन्य जरूरी सामान लेकर निस्वार्थ भाव से सेवा देते हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
