News by Mustaffa
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के मेसरा गांव स्थित पोदार मोटर्स के समीप गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब 3 बजे आई मध्यम बारिश और तेज आंधी-तूफान के कारण रांची-हजारीबाग (नेशनल हाईवे-20) के किनारे लगा एक विशाल ट्रांसफार्मर बिजली के खंभों समेत उखड़कर सीधे मुख्य मार्ग पर आ गिरा। गनीमत रही कि जिस समय यह भारी-भरकम बिजली का ढांचा सड़क पर गिरा,उस वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था,अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। आंधी के बाद हाईवे के एक हिस्से पर बिजली के तार और ट्रांसफार्मर फैल जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। आनन-फानन में कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सड़क पर गिरे खंभों और ट्रांसफार्मर को हटाया गया,जिसके बाद कुछ घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। सड़क तो साफ हो गई,लेकिन इस दुर्घटना ने स्थानीय ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बिजली का इंफ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त होने के कारण मेसरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण उमस के बीच बिजली न होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
