Eksandeshlive Desk
रांची : संत सद्गुरु महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं पावन जयंती के अवसर पर गुरुवार को महर्षि मेंही आश्रम, चुटिया में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुबह तड़के 5 बजे भव्य प्रभात फेरी सह पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रभात फेरी आश्रम प्रांगण से प्रारंभ होकर चुटिया बाजार, नीचे चुटिया होते हुए सरस्वती शिशु मंदिर तक पहुंची और पुनः विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस आश्रम लौटी। इस दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके पश्चात आश्रम परिसर में स्तुति-प्रार्थना एवं प्रातःकालीन सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें संतों और विद्वानों ने महर्षि मेंही जी महाराज के उपदेशों और उनके आदर्श जीवन पर प्रकाश डाला। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सत्संग में भाग लिया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। साथ ही आश्रम परिसर में साधु-भंडारा एवं सामूहिक भंडारा का आयोजन जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इसी क्रम में चुटिया आश्रम के जिला अध्यक्ष राजकुमार दास ने सद्गुरु महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज को माल्यार्पण किया। इस दौरान सभी सत्संगियों एवं आश्रम में रहने वाले श्रद्धालुओं ने भी माल्यार्पण कर जोरदार जयकारे लगाए। पूरा वातावरण “जय गुरु महाराज” के उद्घोष से गूंज उठा। उपस्थित सभी भक्तजनों ने गुरु महाराज एवं संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे जयंती समारोह का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
