News by Mustaffa
मेसरा(रांची): “हौसलों के तरकश में कोशिश का वो तीर जिंदा रखो,हार जाओ चाहे जिंदगी में सब कुछ,मगर फिर से जीतने की उम्मीद जिंदा रखो।” इन पंक्तियों को चरितार्थ किया है माउंट कार्मल स्कूल,ओरमांझी के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने। गुरुवार को घोषित आईसीएसई 10वीं के परीक्षा परिणामों में विद्यालय ने न केवल शत-प्रतिशत सफलता का परचम लहराया,बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अपने ऊंचे मानकों को एक बार फिर साबित कर दिया। परीक्षा के नतीजों में विद्यालय के होनहार छात्र कृष्ण कुमार ने अपनी एकाग्रता और कड़ी मेहनत से 97.4% अंक प्राप्त कर ‘स्कूल टॉपर’ होने का गौरव प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। वहीं,आमरीन परवीन (95.6%) और विनीत कुमार (95.4%) ने क्रमश द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर यह दिखा दिया कि माउंट कार्मल में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम केवल उत्तीर्ण होने तक सीमित नहीं रहा,बल्कि अंकों की गुणवत्ता ने सबको चौंका दिया: 16 छात्र-छात्राओं ने 90% से अधिक अंक लाकर ‘सुपर-16’ क्लब में अपनी जगह बनाई। 50 छात्रों ने 80% से 90% और 40 छात्रों ने 70% से 80% के बीच अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया। यह स्कूल के इतिहास का स्वर्णिम पल रहा कि परीक्षा में शामिल सभी 173 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह किसी उत्सव से कम नहीं था। सफल छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया। जब बच्चों के गले में पदक डाले जा रहे थे,तब वहां मौजूद अभिभावकों की आंखों में खुशी और गर्व के आंसू छलक पड़े। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और “बधाई हो” के नारों से गूंज उठा। विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर टेसीन ने ममतामयी संदेश देते हुए कहा,हमारे बच्चों ने आज जो बीज बोया था,वह सफलता के विशाल वृक्ष के रूप में सामने आया है। यह परिणाम शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों के अनुशासन का प्रतिबिंब है। डायरेक्टर रेवरेंट फादर दीपक ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा भरते हुए कहा,यह तो बस शुरुआत है। आप वो सितारे हैं जो कल देश के भविष्य को रोशन करेंगे। रुकना नहीं,थकना नहीं,बस निरंतर ऊंचाइयों को छूते रहना है। उन्होंने शिक्षकों की अथक मेहनत की भी मुक्तकंठ से सराहना की और भविष्य में इससे भी बेहतर परिणामों का संकल्प दोहराया।
