गरहमुर्गी के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर, तीन घायल; दो की हालत गंभीर

360° Ek Sandesh Live

By Bhaskar

विष्णुगढ़/हजारीबाग : प्रखंड के गरहमुर्गी के समीप दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल विष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
घायलों में रवि करमाली, पिता- दशरथ करमाली एवं विक्रम पासवान, पिता- सुखदेव पासवान, निवासी बनासो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं कंचन कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन अपने साथ घर ले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि करमाली अपनी बहन कंचन कुमारी के साथ मोटरसाइकिल से इलाज कराने विष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से गोमिया की ओर जा रहे अपाचे बाइक सवार विक्रम पासवान की बाइक से गरहमुर्गी के पास उनकी जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठे और हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा एवं तेज रफ्तार पर नियंत्रण की आवश्यकता बताते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Spread the love