Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। गृह मंत्रालय ने उन्हें सीमा सुरक्षा बल में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) पद पर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को राज्य पुलिस सेवा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। गृह मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा की नियुक्ति मौजूदा रिक्त पद के विरुद्ध केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के आधार पर की गई है। मंत्रालय ने झारखंड सरकार को निर्देश दिया है कि उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे केंद्र सरकार में अपनी नई जिम्मेदारी जल्द संभाल सकें।
जारी आदेश की प्रतिलिपि झारखंड के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तथा बीएसएफ मुख्यालय को भी भेज दी गई है। सुरेंद्र कुमार झा को एक कुशल, अनुशासित और अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने झारखंड में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की अक्सर सराहना की जाती रही है। बीएसएफ जैसे महत्वपूर्ण केंद्रीय सुरक्षा बल में डीआईजी पद पर उनकी नियुक्ति को न केवल उनके व्यक्तिगत करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, बल्कि यह झारखंड पुलिस के लिए भी सम्मान की बात है। सुरक्षा और सीमा प्रबंधन से जुड़े मामलों में उनके अनुभव का लाभ अब केंद्रीय स्तर पर मिलेगा। गौरतलब है कि सीमा सुरक्षा बल देश की सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में अनुभवी आईपीएस अधिकारियों की तैनाती को राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
