झारखंड में मानसून के 10 से 12 जून के बीच पहुंचने की संभावना

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून इस बार झारखंड में तय समय से पहले पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण मॉनसून की रफ्तार तेज है और इसके राज्य में करीब पांच दिन पहले दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने सोमवार को बताया कि मॉनसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के पास पहुंच चुका है। इसके 22 से 30 मई के बीच केरल पहुंचने की संभावना है। यदि मॉनसून इस अवधि में केरल पहुंचता है, तो यह सामान्य समय से लगभग पांच दिन पहले होगा। उन्होंने बताया कि केरल से झारखंड तक पहुंचने में मॉनसून को सामान्यतः 10 से 12 दिनों का समय लगता है। ऐसे में अनुमान है कि इस बार मॉनसून 10 से 12 जून के बीच झारखंड में प्रवेश कर सकता है।

अभिषेक आनंद ने कहा कि इस वर्ष समुद्री और वायुमंडलीय परिस्थितियां मॉनसून के अनुकूल बनी हुई हैं। यही कारण है कि मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। समय से पहले मॉनसून आने की संभावना किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में मॉनसून 17 जून को झारखंड पहुंचा था। राज्य में मॉनसून सामान्यतः केरल से होते हुए ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के रास्ते प्रवेश करता है। इसके बाद यह झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों साहेबगंज और पाकुड़ से राज्य में दाखिल होता है। झारखंड में मॉनसून का मौसम सामान्यतः जून से सितंबर तक रहता है। इसी अवधि में राज्य को कुल वार्षिक वर्षा का लगभग 70 से 90 प्रतिशत हिस्सा प्राप्त होता है। इसलिए मॉनसून का समय पर या पहले पहुंचना खेती, जलस्रोतों और मौसम की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

Spread the love