Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड में मतदाता सूची को अद्यतन और अधिक सटीक बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 30 जून से 29 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह जानकारी राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित करेंगे और भरे हुए फॉर्म एकत्र करेंगे। यह पूरा अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
सुबोध कुमार के अनुसार, राज्य में पहले से ही तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अब तक लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पिछली मतदाता सूची से बीएलओ द्वारा पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की अभी तक मैपिंग नहीं हो पाई है, उनकी सूची 23 मई 2026 से सभी मतदान केंद्रों पर सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर संबंधित बीएलओ के नाम और संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मतदाता सीधे उनसे संपर्क कर सकें और अपनी मैपिंग प्रक्रिया पूरी करा सकें। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि घर-घर विजिट के दौरान बीएलओ द्वारा स्टिकर लगाए गए हैं, जिन पर उनके नाम और मोबाइल नंबर अंकित हैं। इसके अलावा मतदाता ईसीआईनेट ऐप के “बुक ए कॉल” फीचर का उपयोग करके भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
