सारा अल्तमश का झारखंड क्रिकेट टीम में चयन,पहले ही मैच में झटके दो विकेट

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा (​रांची) : राजधानी रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत पिरूटोला गांव की रहने वाली होनहार क्रिकेटर सारा अल्तमश ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए झारखंड का मान बढ़ाया है। सारा का चयन नेशनल स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की अंडर-17 बालिका झारखंड राज्य क्रिकेट टीम में किया गया है। वर्तमान में हरियाणा के रोहतक में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में सारा ने अपनी धारदार गेंदबाजी से शानदार शुरुआत की है। ​रोहतक में 29 अप्रैल से 3 मई तक चलने वाले इन मुकाबलों में सारा झारखंड की गेंदबाजी इकाई का मुख्य हिस्सा हैं। गुरुवार को गुजरात के विरुद्ध खेले गए पहले रोमांचक मुकाबले में सारा ने अपनी मध्यम गति की गेंदबाजी का जलवा दिखाते हुए 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी इस सफलता से न केवल उनकी टीम को मजबूती मिली है,बल्कि उनके गृह क्षेत्र पिरुटोला इचापिड़ी में भी उत्सव का माहौल है। ​सारा,बरियातू रोड स्थित ‘रांची स्पोर्ट्स एकेडमी’ में अनीसुर रहमान (एनआईएस डिप्लोमा और लेवल-1 एनसीए कोच) से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके प्रशिक्षक ने बताया कि सारा में सीखने की गजब की क्षमता है और वह भविष्य की एक बड़ी खिलाड़ी साबित होंगी। इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल,कांके की 10वीं की छात्रा होने के नाते,स्कूल प्रबंधन ने भी अपनी छात्रा की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। ​सारा के पिता मुस्ताक अहमद,जो एक चिकित्सा व्यवसायी हैं और ग्रामीण क्षेत्र में क्लिनिक के माध्यम से सेवा दे रहे हैं,अपनी बेटी की सफलता पर भावुक दिखे। उन्होंने कहा,सारा को बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरा लगाव था। हमने हमेशा उसकी रुचि का सम्मान किया है। उनकी माता तरन्नुम निशा ने बताया कि खेल के साथ-साथ सारा अपनी पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देती हैं। परिवार की दिली इच्छा है कि सारा भविष्य में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनें और देश के लिए ट्रॉफी जीतें। वहीं,​इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने सारा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Spread the love