अज्ञात वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत,पति बाल-बाल बचा

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

मेसरा (​रांची) : राजधानी के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड गोलंबर के पास बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शाम करीब 7 बजे की है,जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीएनजी गैस टैंकर) ने स्कूटी सवार दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में अनगड़ा थाना क्षेत्र निवासी मकबूल अंसारी की 50 वर्षीय पत्नी नाजमा खातून की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार,अनगड़ा निवासी मकबूल अंसारी अपनी पत्नी नाजमा खातून के साथ अपनी लाल रंग की स्कूटी (संख्या-जेएच 01 डीएल 4389) पर सवार होकर नयासराय गांव गए थे। वे वहां अपने बेटी और दामाद से मिलकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी स्कूटी रिंग रोड गोलंबर चौक के पास हेसल की ओर मुड़ी,पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ​टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी चला रहे मकबूल अंसारी गाड़ी समेत बाईं ओर जा गिरे,जबकि पीछे बैठीं नाजमा खातून सड़क के बीचों-बीच गिर गईं। भागने के चक्कर में अनियंत्रित वाहन नाजमा खातून को कुचलते हुए अनगड़ा की ओर तेजी से फरार हो गया। सिर और छाती में गंभीर चोटें आने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और नाजमा खातून ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद पति मकबूल अंसारी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई,जिसके कारण रिंग रोड पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की और सड़क पर लगे जाम को हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारू कराया। पुलिस फिलहाल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

Spread the love