अमेरिका के उप राष्ट्रपति वेंस ने कहा, संघर्ष को खत्म करना ईरान पर निर्भर

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

वाशिंगटन: अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान युद्ध के खत्म होने की कोई समय-सीमा तय नहीं है। उन्होंने कहा कि छह महीने पहले अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों से शुरू हुए इस संघर्ष को खत्म करना ईरान पर निर्भर है। वेंस ने कहा कि मौजूदा टकराव को “युद्ध” भी नहीं कहा जाना चाहिए क्योंकि “सक्रिय लड़ाई” महीनों पहले खत्म हो चुकी है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, वेंस ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ईरान युद्ध पर यह प्रतिक्रिया दी। वेंस ने कहा कि अभी ईरानियों के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति का रुख बिल्कुल साफ है। हम ईरान से बात नहीं कर रहे हैं और हम उनसे तब तक बात नहीं करेंगे जब तक वे कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी बंद नहीं कर देते।”

एक सवाल के जवाब में वह यह नहीं बता पाए कि क्या संघर्ष 3 नवंबर को होने वाले चुनाव तक खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा, “जब आप पूछते हैं कि युद्ध कब खत्म होगा तो आप मुझसे ऐसा ही सवाल पूछ रहे हैं जैसे कि ईरानी जहाजों पर गोलीबारी कब बंद करेंगे? मुझे लगता है कि असलियत यह है कि मुझे इस सवाल का जवाब नहीं पता। आपको ईरानियों से पूछना होगा।” उप राष्ट्रपति यह भी नहीं बता पाए कि गैस कब सस्ती हो सकती है। उन्होंने कहा, “मैं यह वादा नहीं करने जा रहा हूं कि इसकी कीमत कबतक कम होगी। मैं बस इतना कहूंगा कि हमें यह याद रखना चाहिए कि हम ऐसा क्यों कर रहे हैं? पहली बात, ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार न हो।” वेंस ने व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम में पत्रकारों को संबोधित किया। ब्रीफिंग रूम का इस्तेमाल प्रशासन ने 42 दिनों से नहीं किया था। वेंस ने लगभग एक घंटे तक पत्रकारों बात की और ईरान के साथ चल रहे विवाद से लेकर अपने घटे हुए वजन तक, हर तरह के सवालों के जवाब दिए।

Spread the love