अंडर-17 बालक वर्ग: खूँटी बनाम सिमडेगा और बालिका वर्ग में सिमडेगा बनाम राँची के बीच होगा फाइनल मुकाबला

360° Ek Sandesh Live Sports

Eksandeshlive Desk

रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बरियातू, राँची में झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों से आए उभरते खिलाड़ियों के भीतर छिपा हॉकी का जुनून पूरे जोश के साथ मैदान पर नजर आया। जीत की चाह में खिलाड़ियों ने पूरे दिन पसीना बहाया और हर मुकाबले में अपनी रणनीति, तकनीक, गति एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन के मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक पड़ाव पर पहुँच गई है। अंडर-17 बालक वर्ग में खूँटी और सिमडेगा तथा इसी वर्ग के बालिका वर्ग में सिमडेगा और राँची की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बना ली है।

प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खूँटी ने धनबाद को 7–0, लातेहार ने पश्चिमी सिंहभूम को 3–0, गुमला ने राँची को 3–0 तथा सिमडेगा ने सरायकेला को 6–0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, सेमीफाइनल मुकाबलों में खूँटी ने लातेहार को 5–0 से पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सिमडेगा ने गुमला को 6–0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

अंडर-17 बालिका वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। क्वार्टर फाइनल में सिमडेगा ने पश्चिमी सिंहभूम को 11–0, खूँटी ने लोहरदगा को 7–0, हजारीबाग ने सरायकेला को 7–0 तथा राँची ने जामताड़ा को 14–0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, पहले सेमीफाइनल में सिमडेगा ने खूँटी को 4–1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में राँची ने हजारीबाग को 3–2 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अंडर-15 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल में खूँटी ने लोहरदगा को 5–0, सिमडेगा ने सरायकेला को 4–0, गुमला ने रामगढ़ को 7–0 तथा हजारीबाग ने चतरा को 2–0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस वर्ग के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 21 सितंबर को खेले जाएंगे।

कल होगा प्रतियोगिता का समापन

राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं फाइनल मुकाबले 21 सितंबर को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी, राँची में आयोजित होंगे।

Spread the love