Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम/सरायकेला: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र, जमशेदपुर स्थित सीटीसी प्रेज़िशन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड का दौरा कर कंपनी की कार्यप्रणाली, उत्पादन व्यवस्था और तकनीकी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के क्षेत्र में कंपनी के प्रयासों की जानकारी ली। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में इस प्रकार की आधुनिक औद्योगिक इकाई का होना प्रसन्नता का विषय है। राज्य में औद्योगिक विकास की असीम संभावनाएं हैं और आधुनिक तकनीक तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा देने वाली औद्योगिक इकाइयां राज्य की औद्योगिक क्षमता को और मजबूत करती हैं। गंगवार ने कहा कि झारखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। राज्य में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे। उद्योगों और स्थानीय युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस दिशा में और प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने उद्योग जगत से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की अपेक्षा व्यक्त की। राज्यपाल ने सीटीसी प्रेज़िशन टूल्स के प्रबंधन एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह औद्योगिक इकाई भविष्य में भी तकनीक, गुणवत्ता और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास झारखंड को औद्योगिक रूप से और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एनएसएमसीएच में कैथ-लैब का किया उद्घाटन : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एनएसएमसीएच) में नवस्थापित कैथ-लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। राज्य में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी चिकित्सा संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक चिकित्सा तकनीक और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को विकसित करने के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं का उद्देश्य केवल अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर, सुलभ और मानवीय स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना भी होना चाहिए। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों से सेवा भावना के साथ मरीजों की जरूरतों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने एनएसएमसीएच प्रबंधन और चिकित्सकों को कैथ-लैब की स्थापना के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवस्थापित कैथ-लैब से क्षेत्र के लोगों को बेहतर हृदय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और गंभीर हृदय रोगों के उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
