गुवा गोलीकांड के शहीदों और झारखंड आंदोलन के वीरों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया नमन

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची/पश्चिमी सिंहभूम: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुवा गोलीकांड के शहीदों सहित झारखंड आंदोलन से जुड़े सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सोमवार को पोस्ट साझा कर झारखंड के अधिकारों और पहचान के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को याद किया। मुख्यमंत्री ने पोस्ट में कहा कि झारखंड की धरती हमेशा से जल, जंगल, जमीन और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों की धरती रही है। यहां के लोगों ने अपने हक और अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। इसी संघर्ष में गुवा गोलीकांड के शहीदों सहित झारखंड आंदोलन से जुड़े अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की पहचान और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले कई वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अनेक आंदोलनकारियों ने झारखंड के हक के लिए अपने प्राणों की तक आहुति दी। उनकी कुर्बानी झारखंड के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले कई वीर आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। इन वीरों ने जिस उद्देश्य और सपने के लिए संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री ने गुवा गोलीकांड के शहीदों समेत झारखंड आंदोलन के सभी वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपने पोस्ट में “गुवा गोलीकांड के वीर शहीद अमर रहें” और “झारखंड के वीर शहीद अमर रहें” का नारा दिया। अंत में उन्होंने “जय झारखंड” का उद्घोष किया।

मुख्यमंत्री का गुवा दौरा रदद, दीपक बिरुवा ने गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि: गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में मंगलवार को गुवा स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होना था, लेकिन उनकी मां रूपी सोरेन के इलाज के लिए हैदराबाद जाने के कारण उनका गुवा दौरा रद्द हो गया। मुख्यमंत्री के नहीं पहुंचने के बाद राज्य के राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने शहीद स्थल पहुंचकर गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सुबह से ही गुवा शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पश्चिमी सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना कर शहीदों को नमन किया। मंत्री दीपक बिरुवा ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड के संघर्ष और इतिहास की महत्वपूर्ण घटना है। शहीदों ने अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों के लिए संघर्ष करते हुए अपना बलिदान दिया। उनकी कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों के संघर्ष और उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। गुवा शहीद दिवस पर शहीद स्थल पर दिनभर श्रद्धांजलि का सिलसिला जारी रहा। स्थानीय लोगों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने शहीदों को याद किया। मुख्यमंत्री के दौरे के रद्द होने के बावजूद कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी बनी रही और पारंपरिक तरीके से शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।

Spread the love