अशोक अनन्त
हंटरगंज (चतरा): सरस्वती शिशु विद्या मंदिर घंघरी में शनिवार को बालिका सुरक्षा एवं समानता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें 10 वर्ष से अधिक आयु की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर खुलकर संवाद करते हुए अपने विचार साझा किए।
कार्यशाला में बालिका सुरक्षा, समानता, आत्मविश्वास, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, ऑनलाइन सुरक्षा तथा अच्छे और बुरे स्पर्श,वेश भूषा , पहनावा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय की सभी महिला शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं के साथ खुले मन से चर्चा की, जिससे छात्राओं ने बिना किसी संकोच के अपनी जिज्ञासाएं रखीं और उनका समाधान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि गीता देवी ने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मनिर्भर बनने और किसी भी असहज परिस्थिति में निडर होकर आवाज उठाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार गुप्ता ने छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता ही आत्मविश्वास और सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में कार्यक्रम प्रमुख मनोरमा सिंहा की अहम भूमिका रही। उनके कुशल समन्वय से कार्यशाला प्रभावी एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी छात्राओं ने स्वयं की सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति सदैव सजग रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
