मेसरा (राँची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित बीआईटी मोड़ (पद्मिनी मेडिकल के समीप) में बुधवार की शाम गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई,जिसमें दोनों पक्ष के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बीआईटी मेसरा ओपी में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। वास्तु विहार निवासी प्रियांशु सिंह (23 वर्ष) का आरोप है कि उसने मेडिकल दुकान के बाहर खड़ी कार के मालिक किशोर महतो से अपनी बाइक निकालने के लिए गाड़ी थोड़ा आगे-पीछे करने को कहा। इसी बात पर बहस के बाद किशोर महतो एवं उनके 4-5 सहयोगियों ने उस पर लोहे की रॉड,लात-घूसों से हमला कर दिया,जिससे उसका सिर फट गया। उसने लगभग 1.55 लाख रुपये की सोने की चैन छीनने और बाइक क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया है। वहीं,दूसरी ओर केदल निवासी दुकान संचालक राम किशोर प्रसाद ने प्रियांशु सिंह पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार,भीड़ के कारण बाइक निकालने को कहने पर प्रियांशु उलझ गया और उसने उनके चेहरे पर जोरदार मुक्का मार दिया,जिससे वे जमीन पर गिर गए और उनके होंठ पर गंभीर चोट आई। इलाज के दौरान उनके होंठ पर छह टांके लगे हैं। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि,मामले में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है,पुलिस निष्पक्षता से जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई कर रही है।
