बीआईटी मेसरा ओ.पी. में जनता की अदालत, होगा शिकायतों का निपटारा

360° Ek Sandesh Live

by Mustaffa

​एसएसपी के निर्देश पर जन शिकायत समाधान कार्यक्रम,थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने की क्षेत्रवासियों से शामिल होने की अपील

​मेसरा (राँची) : राजधानी राँची के थानों में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शुरू की गई पहल रंग लाने लगी है। इसी कड़ी में 8 जुलाई (दिन बुधवार) को बीआईटी मेसरा ओ.पी. परिसर में विशेष ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत वरीय पुलिस अधिकारी खुद थाना परिसर में मौजूद रहकर जनता की फरियाद सुनेंगे और मौके पर ही मामलों का निपटारा करेंगे। मालूम हो कि राँची जिला के विभिन्न थानों और ओ.पी. में हर बुधवार को इस तरह की जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है,ताकि समाज में हो रही घटनाओं और थानों में लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान निकाला जा सके। वहीं,इस विशेष अभियान को लेकर बीआईटी मेसरा ओ.पी. के थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने क्षेत्र की जनता से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने अपने बयान में कहा,पुलिस प्रशासन पूरी तरह से आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। क्षेत्र के तमाम नागरिकों से मेरा अनुरोध है कि यदि उनकी कोई शिकायत,भूमि विवाद,आपसी मनमुटाव या कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई भी समस्या है,तो वे 8 जूलाई (बुधवार) को बेझिझक बीआईटी मेसरा ओ.पी. परिसर आएं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आपकी शिकायतों का पारदर्शी तरीके से तुरंत समाधान करना है

Spread the love