By Mustaffa
दो मासूम बच्चों को साथ लेकर बीआईटी मेसरा ओ.पी. थाने पहुँचा बेबस पति,लगाई गुहार
मेसरा (राँची): राजधानी राँची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के हुजीर ग्राम से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक 22 वर्षीय विवाहिता बैंक से एक बड़ी रकम की निकासी करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित पति अपने दो मासूम बच्चों के साथ न्याय और मदद की आस में मंगलवार को बीआईटी मेसरा ओ.पी. (थाना) पहुँचा। उसने अपनी पत्नी की गुमशुदगी का लिखित आवेदन देकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सनहा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाने में दिए गए लिखित आवेदन में हुजीर ग्राम निवासी दिनेश्वर साहु (30 वर्ष) ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय पत्नी अनीता कुमारी बीते 4 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे घर से बैंक ऑफ इंडिया की नेवरी शाखा जाने के लिए निकली थी। बैंक पहुँचकर उसने 49,000 (उनचास हजार) रुपये की नगद निकासी भी की,लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। पति के अनुसार,उन्होंने अपने स्तर पर सभी सगे-संबंधियों,रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की,लेकिन महिला का कहीं कोई सुराग हाथ नहीं लगा। थक-हारकर पीड़ित पति ने पुलिस की शरण ली। मामले के संबंध में थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि पीड़ित पति द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सनहा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम बैंक और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही महिला के मोबाइल नंबर को भी ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही महिला का पता लगा लिया जाएगा। लापता महिला की पहचान के लिए पुलिस और परिजनों द्वारा हुलिया जारी किया गया है। अनीता कुमारी की उम्र 22 वर्ष,रंग सांवला और कद लगभग 4 फीट 5 इंच है। घर से निकलते वक्त वह पीले रंग की साड़ी और पैरों में चप्पल पहने हुए थी। पुलिस प्रशासन और पीड़ित परिवार ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस हुलिए की महिला कहीं दिखाई दे या इसके संबंध में कोई जानकारी मिले,तो तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन,मेसरा ओ.पी. के सरकारी नंबर 9431706571 या पीड़ित परिवार के मोबाइल नंबर 8797959328 पर सूचना देकर सहयोग करें।
