By Mustaffa
झमाझम बारिश में बैंड बजाकर ग्रामीणों ने पीटा ढिंढोरा,दी चेतावनी-‘रिश्ता रखा तो भुगतना होगा अंजाम’
मेसरा/ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को,मूसलाधार बारिश के बीच एक सुर में कड़ा रुख अख्तियार करते हुए गांव के ही कलेश्वर महतो के परिवार का पूर्ण सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि कलेश्वर महतो द्वारा किए गए एक घिनौने कार्य ने पूरे समाज को शर्मसार किया है,जिसके विरोध में पंचायत स्तर पर यह दंडात्मक कदम उठाया गया है। ग्रामीण इस कदर आक्रोशित थे कि उन्होंने खराब मौसम की भी परवाह नहीं की। हाथों में छाता ताने और बैंड बजाकर ढिंढोरा पीटते हुए ग्रामीणों ने पूरे इलाके का भ्रमण किया और सबको आगाह किया कि इस फैसले का उल्लंघन करने वालों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। अब न तो कोई ग्रामीण उनके घर जाएगा और न ही उन्हें किसी मांगलिक अनुष्ठान में आमंत्रित किया जाएगा। बारिश के बीच ग्रामीणों का हुजूम बारीडीह,बरगिडेरा,पार बारीडीह,भंड़ार बगीचा,पझरापानी,मड़ई टोला,आनन्दी और झिरी जैसे तमाम टोला-मोहल्लों में पहुंचा और बकायदा सार्वजनिक रूप से ढिंढोरा पीटकर (बैंड बजाकर) लोगों को सचेत किया। इस सामाजिक अभियान का नेतृत्व क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों और जनप्रतिनिधियों ने किया,जिनमें पूर्व मुखिया मानकी राजेन्द्र साही,ग्राम प्रधान मानकी जयनारायण सिंह,वार्ड सदस्य भूषण कुमार महतो,सिकेंद्र महतो,बिजेश महतो,संजय महतो,सोहराई महतो,बाबूराम महतो,अनुज महतो,नारायण महतो,अशोक नायक और चंदरू नायक सहित भारी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। यह अभूतपूर्व घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
