Eksandeshlive Desk
दुबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट का अपना आठवां खिताब हासिल किया और पिछले संस्करण के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की पारी की सबसे बड़ी खासियत सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच हुई शानदार साझेदारी रही। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। मंधाना ने 39 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 39 गेंदों पर 68 रन की आक्रामक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और पावरप्ले में भारत को बिना नुकसान के तेज शुरुआत दिलाई। शुरुआती साझेदारी ने भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। इन दोनों के अलावा, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 और ऋचा घोष ने 17 रन का योगदान दिया। 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और लक्ष्य से 72 रन दूर रह गई। श्रीलंका के लिए कप्ताम चमारी आटापट्टू ने सबसे अधिक 36 रन बनाए। जबकि नीलाक्षीका सिल्वा ने 22 और विष्मी गुनारत्ने ने 20 रन का संघर्ष दिया। भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भारत ने 2004 में आयोजित महिला एशिया कप के पहले संस्करण में भी खिताब जीता था। अब आठवीं बार ट्रॉफी अपने नाम कर भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में अपना दबदबा और मजबूत कर दिया है। पिछले संस्करण में श्रीलंका ने फाइनल में भारत को हराकर पहली बार खिताब जीता था।
नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने के विवाद पर बोले अमोल मजूमदार, बीसीसीआई के फैसले के साथ हैं: महिला एशिया कप 2026 के फाइनल के बाद ट्रॉफी वितरण को लेकर उठे विवाद पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि इस मामले में बीसीसीआई ने जो रुख अपनाया है, टीम उसके साथ खड़ी है। भारत ने रविवार को श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीता। इसके बाद हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद के प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पाकिस्तान सरकार में भी शामिल हैं। यह घटनाक्रम पिछले साल के पुरुष एशिया कप फाइनल की याद दिलाता है। तब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को फाइनल में हराने के बाद नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। मैच के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजूमदार ने कहा, “यह रुख बीसीसीआई ने अपनाया है और हम इसके साथ खड़े हैं। हमारे लिए यह टूर्नामेंट समाप्त हो चुका है। हम चैंपियन हैं।” उन्होंने आगे कहा, “बड़े बोर्ड पर लिखा था कि भारत एशिया कप 2026 का चैंपियन है। हमारे लिए यह टूर्नामेंट आधिकारिक रूप से समाप्त हो चुका है। अब हमारा ध्यान एशियाई खेलों पर है।” भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप का आठवां खिताब अपने नाम किया और अब टीम का अगला लक्ष्य एशियाई खेलों में मजबूत प्रदर्शन करना है।
