Eksandeshlive Desk
इस्लामाबाद : बलोचिस्तान प्रांत में पाकिस्तान सेना के काफिले पर बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने बड़ा हमला किया है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) का दावा है कि उसने पाकिस्तान सेना के मेजर समेत कम-से-कम 8 सैनिकों को मार गिराया। पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जनसंपर्क (आईएसपीआर) ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि मेजर समेत 5 जवानों की मौत हुई और इस दौरान कम-से-कम 7 लड़ाकों को ढेर कर दिया गया। बीएलए ने भी अपने 7 लड़ाकों की मौत की पुष्टि की है। द बलोचिस्तान पोस्ट की खबर के अनुसार, बीएलए ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
बीएलए प्रवक्ता जियंद बलूच ने मीडिया को भेजे बयान में कहा कि लड़ाकों ने बुधवार को चामलंग के बाला डाक में पाकिस्तान की सेना के काफिले पर सुनियोजित हमला किया। सबसे पहले रिमोट कंट्रोल से सेना के एक वाहन को उड़ा दिया गया। इसके बाद गोलीबारी की गई। गोलीबारी में पाकिस्तान की सेना के मेजर तोफ सुमायत समेत 8 सैन्यकर्मी मारे गए। इस दौरान नुश्की के पास शेख वासिल की चौकी पर हुए हमले में पाकिस्तान की सेना को नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान की सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) ने कहा है कि खुफिया आधारित अभियान के दौरान भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें 7 विद्रोही मारे गए। मौके से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इस टकराव में मेजर समेत पांच जवानों की मौत हो गई।
