रिपोर्ट/अशोक अनन्त
चतरा: शहर के नगवां मोहल्ला निवासी टेंपो चालक तिलक यादव विगत चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। वे बीते 13 सितंबर को राजपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शहर से सटे धमनिया इलाके से लावारिस हालत में तिलक का टेंपो बरामद किया है। फिलहाल पुलिस टेक्निकल सेल की मदद से उनके मोबाइल लोकेशन और अन्य संभावित सुरागों की पड़ताल कर रही है। तिलक की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और टेंपो चालक संघ के सदस्यों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ पर न्यू कोर्ट मोड़-विकास भवन चौक के पास सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। टेंपो चालक संघ के अध्यक्ष राजू दबगर ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।तिलक की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष टीम झारखंड और बिहार के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। टेक्निकल सेल की मदद से हर पहलू की जांच जारी है। उम्मीद है जल्द ही लापता चालक को बरामद कर लिया जाएगा।
घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ सन्नी वर्धन और एएसआई दुखीराम महतो ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटाने का प्रयास किया।
