अजय राज
प्रतापपुर/चतरा: परम प्रेममय श्रीश्रीठाकुर अनुकूलचंद्र जी के शुभ 139वें आविर्भाव दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को प्रतापपुर उपयोजना केंद्र अंतर्गत शिवनंदन दा के आवास पर भव्य सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों सत्संगी भक्तजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से शामिल हुए। पूरे वातावरण में ठाकुर के प्रति प्रेम, समर्पण और गुरु महिमा की अनुभूति देखने को मिली।
सत्संग के दौरान संजीत दा ने कलियुग में सत्नाम, सत्संग एवं गुरु दीक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भक्तों को आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया। अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि गंभीर बीमारी से उबरने और कठिन परिस्थितियों के बाद सरकारी शिक्षक के रूप में नियुक्ति पाने में चिकित्सकों एवं दवाओं के साथ गुरुभाइयों की दुआ और पुरुषोत्तम गुरु की कृपा का भी विशेष महत्व रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु के प्रति श्रद्धा, सत्संग और जीवन में सदाचार मनुष्य को आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में स.प. ऋत्विक संजय दा, कर्मठ सत्संगी दुर्गा प्रसाद दा सहित अन्य वक्ताओं ने श्रीश्रीठाकुर की भाववाणी को श्रद्धापूर्वक भक्तों के समक्ष रखा। वक्ताओं ने सत्संग, इष्टभृति, गुरु-भक्ति एवं आध्यात्मिक अनुशासन की महिमा पर विस्तार से चर्चा की। सत्संग के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रेम, सेवा, संयम और गुरु के आदर्शों के अनुरूप जीवन जीने का संदेश दिया गया।
अंत में भक्तजनों ने श्रीश्रीठाकुर अनुकूलचंद्र जी के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
