चतरा। जोरी वशिष्ठ नगर (चतरा) घंघरी निरंजना नदी के तट पर वन विभाग की ओर से बनाई जा रही चहारदीवारी के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ ग्राम घंघरी डाक बंगला वन क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने एक गाय को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने जताई कंपनी के वाहन होने की आशंका घटनास्थल पर काम कर रहे मजदूरों (लेबरों) ने बताया कि ट्रैक्टर काफी तेज गति में था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर किसी निजी कंपनी का बताया जा रहा है जो विकास कार्यों में लगा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेजुबान जानवर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पीड़ित पशुपालक परिवार में शोक मृत गाय की पहचान ग्राम कटैया गोदाम (पंचायत कटैया) निवासी प्रिंस गुप्ता, पिता शंभू गुप्ता के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार के लिए यह पशु धन आजीविका और परिवार के सदस्य जैसा था, जिसके अचानक चले जाने से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।थाना और मुखिया को दी गई सूचना, कार्रवाई की मांग:घटना के तुरंत बाद शंभू प्रसाद ने तत्परता दिखाते हुए वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना पुलिस और स्थानीय कटैया पंचायत के मुखिया नरेश प्रसाद को मामले की लिखित सूचना दे दी है। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों,चरवाहों के बयानों के आधार पर दोषी ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान की जाए। साथ ही, गरीब पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की भी गुहार लगाई गई है।
