Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत नूतनडीह गांव में कक्षा 9 की छात्रा माला सिंह का शव पेड़ से लटका हुआ पुलिस ने रविवार काे बरामद किया है। शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगलनुमा क्षेत्र में एक पेड़ से लटका मिला। मामले को लेकर जहां पुलिस प्रथम दृष्टया खुदकुशी बता रही है, वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार माला सिंह 21 मई की शाम घर से यह कहकर निकली थी कि वह तालाब में नहाने जा रही है। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। लगातार तलाश के बाद रविवार को ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। माला बोड़ाम स्थित लायलम स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा थी। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और इसकी हर पहलू से जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से सच्चाई सामने लाने की मांग की है। इधर, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
