चलती ट्रेन से 13 लाख के आभूषण चोरी

Crime Ek Sandesh Live

हावड़ा क्राइम ब्रांच ने पाकुड़ रेल पुलिस, आरपीएफ और राजमहल पुलिस के साथ की कार्रवाई, ज्वेलरी दुकान से दो चेन व कान की बाली बरामद

SUNIL KUMAR

साहिबगंज/राजमहल: हावड़ा मंडल के कोटालपोखर रेलवे स्टेशन के आसपास चलती ट्रेन से करीब 13 लाख रुपये के आभूषण और अन्य सामान चोरी होने के मामले में शनिवार को हावड़ा क्राइम ब्रांच की टीम राजमहल पहुंची। टीम ने पाकुड़ रेल पुलिस, आरपीएफ और राजमहल पुलिस के सहयोग से चोरी के आभूषणों की बरामदगी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक आभूषण दुकान से दो सोने की चेन और एक जोड़ी कान की बाली बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

14-15 सितंबर की रात हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, घटना 14-15 सितंबर की रात की है। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार निवासी महिला यात्री निरुपमा दास ट्रेन के एस-1 कोच में बर्थ संख्या 75 और 77 पर यात्रा कर रही थीं। रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच कोटालपोखर स्टेशन के आसपास उनका कॉफी रंग का लेडीज हैंडबैग चोरी हो गया। बताया गया कि बैग में दो सोने की चेन, चूड़ा, माला, हार, दो अंगूठियां, एक अन्य सोने की चेन, मोटोरोला जी-35 मोबाइल फोन सहित जरूरी दस्तावेज थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।

मुख्य आरोपी ससुराल से हिरासत में

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बरहरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले मुख्य आरोपी जियाउल शेख उर्फ छपरा को राजमहल थाना क्षेत्र के नागेश्वर बाग स्थित उसके ससुराल से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा चोरी के आभूषणों को अलग-अलग स्थानों पर बेचने की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस ने उनकी बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू की।

लालू मार्केट की आभूषण दुकान से बरामदगी

इसी क्रम में पुलिस टीम ने राजमहल थाना क्षेत्र के लालू मार्केट स्थित प्रदीप साह की आभूषण दुकान की जांच की। पुलिस के अनुसार, दुकान से दो सोने की चेन और एक जोड़ी कान की बाली बरामद की गई है। बरामद आभूषणों का मिलान पीड़िता द्वारा बताए गए चोरी हुए सामान से कराया जा रहा है। मामले में पुलिस ने लालू मार्केट निवासी दुकानदार प्रदीप साह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

अन्य आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उसके द्वारा कथित रूप से बेचे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। बरामद सामान का पीड़िता द्वारा बताए गए आभूषणों से मिलान कराया जा रहा है। पुलिस की टीम अन्य चोरी के आभूषणों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है। कार्रवाई के दौरान राजमहल थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। छापेमारी अभियान में हावड़ा क्राइम ब्रांच, सीआईबी बर्द्धमान, आरपीएफ बरहरवा, पाकुड़ आरपीएफ तथा साहिबगंज पुलिस की टीम शामिल रही।

Spread the love