अजय राज
चतरा/झारखंड: झारखंड में बिजली व्यवस्था की बदहाली, लगातार हो रही कटौती और उपभोक्ताओं से कथित रूप से की जा रही अधिक वसूली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत चतरा में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन झारखंड के सभी 24 जिलों में एक साथ आयोजित किया गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चतरा स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष एकत्र होकर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को चेतावनी दी। यह कार्यक्रम भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता ने की। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव व सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल मौजूद रहे। इसके अलावा जिला महामंत्री कपिल पासवान, अशोक शर्मा, अच्छयवट पांडेय, विनय सिंह समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री डॉ. मृत्युंजय सिंह ने किया, जबकि समापन संबोधन स्थानीय नेतृत्व द्वारा किया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि बिजली विभाग के मनमाने रवैये से आम जनता त्रस्त है। लगातार बिजली कटौती और पोस्टपेड मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से भारी-भरकम राशि वसूले जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने विभाग को अविलंब सुधारात्मक कदम उठाने की चेतावनी दी।
चतरा जिला भाजपा महामंत्री कपिल पासवान ने कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो भाजपा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की प्रमुख मांगों में बिजली दरों में कटौती, लगातार बिजली कटौती पर रोक और निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित पोस्टपेड मीटर के माध्यम से हो रही कथित लूट पर रोक लगाई जाए। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा ने सरकार और बिजली विभाग को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
