डीएमएफटी मद से चार पीसीसी सड़कों की मिली प्रशासनिक स्वीकृति , पौने तीन करोड़ होंगे खर्च

360° Ek Sandesh Live

By Ashok Anant


प्रतापपुर चतरा:प्रखंड अंतर्गत गजवा पंचायत में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पंचायत की मुखिया पूनम कुमारी के लगातार प्रयासों और जनहित में किए गए पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उनकी सक्रिय प्रयास और लिखित आवेदन के बाद गजवा पंचायत की चार महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को डीएमएफटी मद से स्वीकृति मिल गई है। इसके तहत लगभग पौने तीन करोड़ की लागत से पंचायत के चार पीसीसी सड़कों का निर्माण किया जाएगा।।इन योजनाओं की स्वीकृति में चतरा विधायक जनार्दन पासवान एवं सांसद कालीचरण सिंह का विशेष सहयोग और सौजन्य रहा, जिन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए योजनाओं को मंजूरी दिलाने में अहम भूमिका निभाई।स्वीकृत योजनाओं में पंचायत के कई ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली सड़कें शामिल हैं, जिनका निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है उनमें से नन्दईखुर्द: मँझगावा रोड से विद्यालय होते हुए सुचित पांडे के घर तक पीसीसी पथ निर्माण।केबलिया: केबलिया स्कूल मोड़ से ननईखुर्द सिमाना तक पीसीसी पथ निर्माण।भुसीया: पछीयारा टोला पक्की सड़क से बोधना बिशनपुर सिमाना तक पीसीसी पथ निर्माण।
सिदराडिह: हेरंखाद सिमाना से सिदराडिह यूपीएस विद्यालय तक पीसीसी पथ निर्माण शामिल है।गजवा पंचायत की कई सड़कें लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं। बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थिति को देखते हुए मुखिया पूनम कुमारी एवं मुखिया प्रतिनिधि अशोक यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सरकारी फंड का इंतजार नहीं किया।दोनों ने अपने निजी खर्च से सड़कों की मरम्मत, रोड रोलिंग एवं समतलीकरण का कार्य करवाकर ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाई। इस पहल से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने लगी है।चार बड़ी सड़कों की स्वीकृति और जर्जर रास्तों की तत्काल मरम्मत की खबर मिलते ही पंचायत में खुशी का माहौल है। वर्षों से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने मुखिया पूनम कुमारी, प्रतिनिधि अशोक यादव, विधायक जनार्दन पासवान एवं सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।ग्रामीणों का कहना है कि इन सड़कों के निर्माण से अब उन्हें कीचड़, गड्ढों और उबड़- खाबड़ रास्तों की परेशानी से स्थायी राहत मिलेगी तथा पंचायत में विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी।
बताते चलें की मुखिया पूनम देवी ने पंचायत के लोगों की परेशानी को देखते हुए चतरा की तत्कालीन उपायुक्त कृतश्री जी से मिलकर पंचायत के दर्जन भर सड़कों के निर्माण हेतु लगातार गुहार लगाई थी तथा इन सड़कों को डीएमएफटी फंड से निर्माण कराने की मांग की था। उसी का परिणाम है कि पंचायत के चार सड़कों को पीसीसी बनाने की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है तथा टेंडर की प्रक्रिया जारी है और जल्द हीं पंचायत के चारों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

फोटो👇

Spread the love