By अशोक अनन्त
ईटखोरी : चतरा जिला के ईटखोरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर की बेशकीमती प्रतिमा को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी की मूर्ति और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बरामद मूर्ति की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, दिनांक 20.05.2026 को वादी ताराचंद जैन (पिता: शिवकरण लाल जैन, साकिन व थाना: ईटखोरी, जिला: चतरा) के आवेदन के आधार पर ईटखोरी थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। यह मामला ईटखोरी थाना कांड सं- 65/2026, दिनांक 20.05.2026, धारा- 305(d) बी०एन०एस० (BNS) के तहत दर्ज हुआ था।
धार्मिक स्थल से मूर्ति चोरी होने की संवेदनशीलता को देखते हुए चतरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ईटखोरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मयूरहण्ड थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी संदीप सिंह (पिता: राजेन्द्र सिंह) को गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर हुई बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्त संदीप सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने कांड में चोरी गई 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर की प्रतिमा बरामद की। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो होन्डा स्प्लेन्डर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर: HR- 48-5062) को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बरामद सामानों की सूची (जब्ती):
अष्टधातु की 24 तीर्थंकर की मूर्ति (करीब 100 साल पुरानी, मूल्य लगभग ₹50,00,000)
हीरो होन्डा स्प्लेन्डर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर: HR- 48-5062)
छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी ईटखोरी थाना प्रभारी पु०अ०नि० अभिषेक कुमार सिंह, स०अ०नि० दुखीराम महतो, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार, और चालक आरक्षी रविकांत सिंह शामिल थे।
